बलिया। छात्राओं के स्वास्थ्य व सुरक्षा और स्कूल परिसर को साफ-सुथरा रखने के लिए उच्च प्राथमिक स्कूलों में इलेक्ट्रॉनिक इंसीनरेटर वेंडिंग मशीन (सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन) लगाई जाएंगी। इसके लिए जनपद में 118 उच्च प्राथमिक विद्यालयों का चयन किया गया है। प्रति स्कूल 13900 रुपये से मशीन खरीदी जाएगी। लड़कियों के स्वास्थ्य, हाईजीन एवं साफ-सफाई के उद्देश्य से इस योजना को मंजूरी दी गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, 11 से 18 वर्ष की किशोरी अगर माहवारी के दौरान साफ़-सफाई का ध्यान रखती है तो वह कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं और होने वाले संक्रमण से बच सकती हैं। यह भी मानना है कि माहवारी को लेकर लड़कियां स्कूल छोड़ देती हैं। विद्यालय में इसकी व्यवस्था होने से स्कूलों में बालिकाओं की पढ़ाई छोड़ने की संख्या में भी कमी होने की उम्मीद है। इसी को लेकर परिषदीय स्कूलों में पंजीकृत छात्राओं की सहूलियत के लिए इलेक्ट्रॉनिक इंसीनरेटर वेडिंग मशीन की स्थापना होगी। मशीन स्थापित होने के बाद छात्राओं की ओर से प्रयुक्त पैड का निस्तारण आसानी से हो सकेगा।
जिला समन्वयक बालिका शिक्षा आनंद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि 118 उच्च प्राथमिक स्कूल में इलेक्ट्रॉनिक इंसीनरेटर वेडिंग मशीन लगाने के लिए धनराशि मिल गई है। जिला स्तरीय कमेटी से अनुमोदन मिलने के बाद जेम पोर्टल से मशीन क्रय कर इन्हें विद्यालयों में लगवाया जाएगा।