गुलामी की जंजीरों को तोड़ने के लिए देश में क्रांति की मशाल जलानेवाले अपने सपूत के सर्वोच्च बलिदान को बलिया ने आज शिद्दत से याद किया। अमर शहीद मंगल पांडेय की 187वीं जयंती पर जिले भर में कार्यक्रमों का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलियां अर्पित की गई। जगह-जगह प्रभातफेरी निकालने के साथ भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि मंगल पांडेय ने अंग्रेजी साम्राज्य को ललकारा था। उन्होंने ने ही सर्वप्रथम अंग्रेेजों का प्रतिरोध करने की हिम्मत जुटाई थी।
शहीद के पैतृक गांव नगवा में आम सभा का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न गांवों के लोग व स्कूली बच्चे शामिल हुए। शहीद मंगल पांडेय के प्रपौत्र संतोष कुमार पांडेय ने कहा कि भारत माता के इस लाल ने अंग्रेजों के साम्राज्य को ललकारा था। उन्होंने ने ही सर्वप्रथम अंग्रेेजों का प्रतिरोध करने की हिम्मत जुटाई थी। कमलदेव सिंह ने कहा कि मंगल पांडेय ने हिंदू-मुस्लिम दोनों की अस्मिता बचाने का काम किया था। इस मौके पर आशीष कुमार, घनश्याम पांडेय, प्रभुनाथ पांडेय, शैलेष पांडेय, मनोज पांडेय आदि थे। शहीद मंगल पांडेय स्मारक समिति की ओर से कदम चौराहा पर जयंती मनाई गई। समिति के अध्यक्ष शशिकांत चतुर्वेदी ने शहीद के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला। इस मौके पर एएसपी विजय पाल सिंह, सियाराम यादव, जैनेंद्र पांडेय, ददन यादव, पवन गुप्ता, कमलेश भारती, शंकर तिवारी, राजेश गुप्ता, शिवकुमार गुप्ता आदि थे। शहीद मंगल पांडेय सोसाईटी नगवा की ओर से जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर सेनानी रामविचार पांडेय, डा. जनार्दन राय, ओमप्रकाश तिवारी, धर्मदेव तिवारी, डा. शत्रुध्र पांडेय, डा. चंदन साहू, डा. सत्येंद्र गुप्त, दिग्विजय सिंह, सच्चिदानंद थे।
दुबहर। : नगवा से नेहरु युवा केंद्र, एसजी पब्लिक स्कूल अडऱा, इंटर कॉलेज नगवा, पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगवा, पूर्व माध्यमिक विद्यालय अखार, बीएफसीआई कांवेंट स्कूल तथा मंगल पांडेय विचार मंच की ओर से हजारों छात्र-छात्राओं ने बैंड बाजे के साथ बुलापुर, बंधुचक, अखार, ब्यासी आदि गांवों में प्रभात फेरी निकाली गई। छात्र-छात्राओं ने मंगल पांडेय अमर रहे, मंगल पांडेय का बलिदान याद रखेगा हिंदुस्तान आदि नारे लगाते रहे। उधर, नगवा इंटर कॉलेज तथा मंगल पांडेय विचार मंच के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में कुल आठ प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। लोगों ने मंगल पांडेय के चरित्र तथा उनकी जीवनी पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। इसमें बीएफसीआई कान्वेंट स्कूल जमुआ की छात्रा प्रगति सिंह प्रथम व शहीद मंगल पांडेय इंटर कालेज की छात्रा प्रियंका पाठक द्वितीय तथा एसजी पब्लिक स्कूल अडऱा के हरेकृष्ण दुबे तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजयी प्रतिभागियों सहित सभी छात्रों को स्मृति चिह्न एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। बेल्थरारोड ः अमर शहीद मंगल पांडे की जयंती पर चौरसिया धर्मशाला में समारोह आयोजित किया गया। विधायक धनंजय कनौजिया ने मंगल पांडे ने अदम्य साहस और वीरता की चर्चा करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प जताया। इस मौके पर अभिमन्यु राजभर, नागा तिवारी, अभय सिंह, भुवाल सिंह रहे।