जनपद सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को रविदास जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान भक्तों ने रविदास की प्रतिमा का विधिविधान से पूजन-अर्चन किया। गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ाें भ्ाक्त शामिल हुए।
इस दौरान भक्तों में प्रसाद वितरित किया गया। वक्ताओं ने संत रविदास के जीवन पर प्रकाश डाला। कहा कि संत रविदास ढोंग की जगह कर्म में विश्वास रखते थे।
नगर के सतनी सराय स्थित रविदास मंदिर में रविदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान रवि दास की विभिन्न झांकियां भी निकाली गई जो आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा रविदास मंदिर से निकलकर सतीशचंद्र चौराहा, काजीपुरा, मिड्ढी चौराहा, महुआ मोड़ होते हुए गांधी नगर, चित्तू पांडेय चौराहा, स्टेशन रोड, स्टेशन चौक रोड, चमन सिंह बाग रोड, गुदरी बाजार, विजय सिनेमा रोड, तहसील रोड, नया चौक होते हुए पुन: मंदिर पर पहुंचा।
इस दौरान रविदास के जीवनी पर विभिन्न झांकियां निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान हाथी-घोड़े के साथ गाजे-बाजे शोभा बढ़ा रहा रही थी। वहीं नागाजी सरस्वती शिशु मंदिर, भृगु आश्रम, महर्षि वाल्मीकि विद्यामंदिर समेत विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने शोभायात्रा में सहभागिता की। इस अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व सांसद बब्बन राजभर, पूर्व नपा अध्यक्ष संजय उपाध्याय, समाजसेवी अजय कुमार, मिठाईलाल भारती, संतोष कुमार, महफूज आलम, मदन राम समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
बेल्थरारोड संवाददाता : संत रविदास की जयंती नगर क्षेत्र में धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर आयोजित समारोह में संत के जीवन वृत को रेखांकित करते हुए उनके उपदेशों को आत्म सात करने पर बल दिया गया। चंदायर बलीपुर में भाजपा नेता लाल बहादुर भारती के संयोजकत्व में रविदास जयंती पर पूजन-अर्चन की धूम रही।
रेवती संवाददाता : संत रविदास के जयंती के अवसर पर एक शोभायात्रा मंगलवार को निकाली गई। नगर के मवेशी अस्पताल स्थित रविदास मंदिर से संत रविदास की मूर्ति को रथ पर रखकर पूरे नगर का भ्रमण कराया गया। जुलूस में गाजे-बाजे के साथ डीजे की धुन पर युवक थिरकते नजर आए।