बांसडीह थाने में चुनाव संबंधित बैठक को संबोधित करते जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम।
- फोटो : ballia
जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने बांसडीह व सहतवार थाने पर बैठक कर नगर निकाय चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी निडर होकर चुनाव में अपनी ड़्यूटी निभाएं। उनके लिए सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम रखे गए हैं। कहा कि चुनाव की निष्पक्षता, पारदर्शिता व शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों को अंजाम भुगतान पड़ेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट हर बूथ पर शौचालय, प्रकाश आदि की व्यवस्था को परखें। कहा कि इस चुनाव में महिलाओं की भी ड्यूटी लगी है, लिहाजा शौचालय की बेहतरी पर विशेष ध्यान रहे। उन्होंने समस्त बीएलओ को सबके घर-घर जाकर मतदाता पर्ची वितरित करने का निर्देश दिया।
कहा कि मतदाता सूची को एकबार फिर देख लें और कोई मृतक का नाम है तो उसकी सूची बनाकर तहसीलदार को दें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव के दिन कोई अपराधिक किस्म का या किसी मामले में आरोपित व्यक्ति बूथ एजेंट नहीं बनेगा। एजेंट के पास मोबाइल भी नहीं रहेगा। जिलाधिकारी ने पुलिस महकमे को निर्देश दिया कि अवैध शराब पर तगड़ी नजर रखें। यह भी देख लें कि कहीं कोई दावत आदि तो नहीं हो रही है। बगैर अनुमति कोई सभा, जुलूस या कई लोग एक साथ जुटे हों तो सख्त कार्रवाई करें। कहा कि 10 किमी के क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कर्मचारियों को निडर होकर अपने दायित्व का निर्वहन निष्पक्षता से करने का निर्देश दिया।
एसपी अनिल कुमार ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि अराजक तत्वों को चिह्नित करने का काम जारी रखें। जिस पर भी शांति भंग की आशंका हो, उसे पाबंद करें। क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर व गुंडा एक्ट के तहत हुई कार्रवाई के बाबत थानाध्यक्ष से जानकारी ली। इस मौके पर एसडीएम अनिल चतुर्वेदी, सीओ आलोक सिंह, तहसीलदार मुकेश सिंह, बीडीओ शोभनाथ मौर्य, ईओ संजय राव, आशुतोष ओझा आदि थे।