प्रशासन द्वारा बार-बार अतिक्रमण हटाने और चेतावनी देने के बाद भी बांसडीह कचहरी चौराहा सहित कस्बा स्थित इंटर कॉलेज की सड़क पूरी तरह अतिक्रमण की चपेट में है। इससे कस्बे में किसी भी चार पहिया वाहन के प्रवेश होने से घंटों जाम लगा जाता है।
बांसडीह कचहरी चौराहे कुछ दिन तो प्रशासन की मुस्तैदी के चलते अतिक्रमण मुक्त रहा।
लेकिन बाद में कचहरी चौराहे सहित कोतवाली के समीप स्थित इंटर कालेज होकर कस्बा के विभिन्न मोहल्लों में जाने वाली सड़क अतिक्रमण कर ली गई। जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत उस समय होती है, जब कोई चार पहिया वाहन कस्बा में प्रवेश कर जाता है तो जाम लग जाता है।
जिसको छूटने में घंटों लग जाते हैं। कचहरी चौराहे स्थित सड़क पर ही ठेले खोमचे व सड़क से सटी गुमटी रखने के साथ ही वाहन स्वामियों द्वारा सड़क पर वाहन खड़ी कर सवारियां बैठाते हैं। वहीं सड़क के राजमार्ग बन जाने से सड़क पर बड़े वाहनों को दबाव बढ़ता ही जा रहा है। इंटर कालेज से होकर कस्बा तक जाने वाली सड़क के दोनों पटरियों पर गुमटियां रखकर अतिक्रमणकारी काबिज हो गए है।
जिससे पैदल चलना दूभर हो गया है। नगर पंचायत ने थोड़ी पहल कर अपने कार्यालय परिसर में पार्किंग की व्यवस्था कर जाम से कुछ तो निजात दिलाया, लेकिन बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा और भारतीय जीवन बीमा की शाखा के ग्राहकों की गाड़ियां खड़ी किए जाने से लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। इसको लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन व नगर पंचायत को बार-बार अवगत कराया, लेकिन कोई माकूल व्यवस्था नहीं हो पायी हैं।
इस बाबत पूछे जाने पर उपजिलाधिकारी राधेश्याम पाठक ने बताया कि अतिक्रमण हटाने का अभियान कई बार चलाकर अतिक्रमण हटवाया गया था। अब सड़क पर ठेले खोमचे, गुमटी व वाहन खड़े करने वालों के विरोध जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उनके विरुद्घ दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी, ताकि नगरपंचायत वासियों को जाम से मुक्ति मिल सके।