बलिया। किशोर-किशोरियां अपनी मुश्किलों का घर बैठे समाधान पा सकें, इसके लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके) के तहत साथिया सलाह मोबाइल एप तैयार किया गया है। यह एप किशोर किशोरियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। साथिया सलाह एप के माध्यम से किशोर-किशोरियां अपनी उन समस्याओं का समाधान आसानी से पा सकेंगे। जिन समस्याओं को वह संकोचवश दूसरों से नहीं कह पाते हैं। वह स्मार्टफोन पर इसे प्ले स्टोर से आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं।
इस एप में शारीरिक बदलाव, मानसिक स्थिति, भावनात्मक परिवर्तन, त्वचा संबंधी समस्या, पोषण आहार, यौन संबंधी, नशा, अधिकार, योजना और जीवन कौशल संबंधी प्रश्नों के समाधान दिए गए हैं, जिससे इसके उपयोग में काफी सुविधा होगी। शर्म और संकोच के चलते किशोर जिन समस्याओं को दूसरों से साझा नहीं कर पाते हैं, उनकी जानकारी और समाधान एप से मिल जाता है। किशोरावस्था में होने वाले बदलाव व उससे जुड़ी भ्रांतियों का समाधान महज एक क्लिक में होगा। किशोर-किशोरियों को उम्र के मुताबिक स्वास्थ्य मुद्दों पर सलाह मिल सकेगी। जीवन कौशल संबंधी प्रश्नों का समाधान व साथिया हेल्पलाइन के जरिए सलाहकारों से जानकारी भी मिलेगी।
----
यह एक अच्छी पहल है, जिससे किशोरावस्था में होने वाले परिवर्तन व भ्रांतियों को दूर किया जा सकेगा।
डॉ. आरबी यादव, डीपीएम, एनएचएम, बलिया।
----