चिलकहर। ब्लॉक के ग्राम सभा लोहटा पचहुंवा में पुष्टाहार का वितरण नहीं करने की शिकायत मिलने पर जांच करने पहुंचे सीडीपीओ के सामने हंगामा हुआ। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर रजिस्टर फाड़ने का आरोप लगाया। हालांकि हंगामा देख सीडीपीओ चले गए। आंगनबाड़ी राजमती देवी ने डायल 112 पुलिस को बुला लिया। दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे के खिलाफ रसड़ा कोतवाली में तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चिलकहर के लोहटा में ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि पिछले छह माह से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुष्टाहार का वितरण नहीं कर रही हैं। सीडीपीओ राहुल कुमार जांच करने प्राथमिक विद्यालय लोहटा सोमवार को पहुंचे। शिकायतकर्ता के अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी अपने लोगों के साथ मौजूद थीं। सीडीपीओ की जांच के दौरान ही रजिस्टर को फाड़ दिया गया। सीडीपीओ ने आरोप लगाया कि जांच में गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई संभावित थी। इस पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने रजिस्टर को फाड़ दिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राजमती देवी ने आरोप लगाया कि सीडीपीओ दो लोगों को लेकर आए थे। उन्होंने खुद ही रजिस्टर को फाड़ दिया। इसके बाद हंगामा हो गया। आंगनबाड़ी ने डायल 112 पुलिस को बुला लिया। दोनों पक्षों की ओर से मामले की तहरीर रसड़ा कोतवाली में दी गई है। इस संबंध में रसड़ा कोतवाल विपिन सिंह का कहना है कि दोनों तरफ से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है
ऑडियो भी हुआ वायरल
चिलकहर। बाल विकास पुष्टाहार विभाग की एक महिला कर्मचारी का आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से अधिकारी के नाम पर पैसा मांगने का ऑडियो वायरल हो रहा है। इसमें कर्मचारी की ओर से कहा जा रहा है कि 15000 रुपये देना है। देने पर जांच खत्म हो जाएगी। इस संबंध में सीडीपीओ राहुल कुमार ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। गलत आरोप लगाया जा रहा है।