बलिया। आरटीई के दूसरे चरण में आवेदन करने वाले बच्चों का चयन शुक्रवार को लॉटरी प्रक्रिया कलेक्ट्रेट सभागार में उपजिलाधिकारी सदर अत्रेय मिश्रा एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह की उपस्थिति में हुई। जिसमें 1021 अभ्यर्थियों को ऑनलाइन लॉटरी में विद्यालय आवंटित किया गया।
दाेनों चरणों को मिला कर कुल 4019 बच्चों ने आवेदन किया था। इसके सापेक्ष दोनों चरणों में अब तक 2528 बच्चों का चयन हुआ है। बता दें कि आटीई के तहत दूसरे चरण में कुल 1712 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया गया था। इसके पूर्व पहले चरण में 2307 आवेदकों में 1507 बच्चों का चयन कर विद्यालय आवंटित किया गया था। बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि आरटीई के तहत तीसरे चरण का आवेदन एक फरवरी से प्रारंभ होगा। इसके तहत 19 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। बीएसए ने बताया कि द्वितीय चरण की लॉटरी प्रकिया पूर्ण कर ली गई है। जल्द ही आवंटन पत्र निर्गत कर दिए जाएंगे। इस अवसर पर जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता शिव सौरभ गुप्ता व अन्य उपस्थित रहे।