हल्दी। सेवानिवृत्त सीआरपीएफ जवान के बैंक खाते से फोन-पे और गूगल-पे के माध्यम से 8.27 लाख रुपये कथित रूप से अपने खाते में स्थानांतरित करने का मामला सामने आया है।
पीड़ित ने अपने ही गांव के पिकअप चालक पर विश्वास का फायदा उठाकर रकम हड़पने का आरोप लगाया है। शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर एक नवंबर को हल्दी थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। रेवती थाना क्षेत्र के रामपुर दिघार गांव निवासी विरेंद्र पांडेय सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त होने के बाद सितंबर 2023 में रोजगार के लिए पिकअप खरीदे थे।
वाहन चलाने के लिए उन्होंने गांव के ही प्रदीप बिंद को चालक रखा था। विरेंद्र ने बताया कि कुछ समय में ही चालक ने उनका विश्वास जीत लिया और घरेलू सदस्य की तरह रहने लगा। उन्हें फोन-पे और गूगल-पे चलाने की जानकारी नहीं थी।
ऐसे में चालक उनके मोबाइल से डिजिटल भुगतान करने और खाते में रुपये आने-जाने की जानकारी देने में मदद करता था।
आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर चालक ने दो वर्षों के दौरान उनके मोबाइल से जुड़े डिजिटल भुगतान माध्यमों के जरिये अपने मोबाइल नंबर पर कुल 8,27,542 रुपये स्थानांतरित कर लिए। इसकी जानकारी पीड़ित को तब हुई। थानाध्यक्ष राजू कुमार राय ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।