नागाजी सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित एबीवीपी के कार्यक्रम को संबोधित करते परिषद के प्रवीण गुंजन।
नगर के नागाजी सरस्वती शिशु मंदिर मठ नागाजी भृगुआश्रम के प्रांगण में रविवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का अभ्यास वर्ग कार्यक्रम आयोजित किया गया। वक्ताओं ने संगठन के उद्देश्य और सदस्यता पर विस्तार से प्रकाश डाला। सदस्यता प्रमुख धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि राष्ट्र पुनर्निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम है।
सिंह ने कहा कि विद्यार्थी परिषद का ध्येय शब्द ज्ञान, शील और एकता है। राष्ट्रीय पुनर्निर्माण के बहुआयामी कार्य में व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज परिवर्तन दलगत राजनीति से ऊपर उठकर ही किया जा सकता है। द्वितीय सत्र में विभाग के संगठन मंत्री ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्रों का संगठन है और इसकी समस्त गतिविधियां छात्र केंद्रित होती है। विद्यार्थी परिषद की कार्य पद्धति व्यक्ति निर्माण अथवा कार्यकर्ता विकास की होती है।
इसके माध्यम से राष्ट्रीय पुनर्निर्माण का उद्देश्य पूर्ण हो। तृतीय सत्र अर्थात समापन सत्र में नगर अध्यक्ष व जिला प्रमुख हरेंद्र नाथ मिश्र ने अतिथियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। इस मौके पर अनूप गुप्ता, संदीप पांडेय, अमित गुप्ता, शिवम पांडेय, अशोक यादव, चंद्रप्रकाश पांडेय, आदित्य राज सिंह, नारायण मिश्र आदि उपस्थित रहे। संचालन नगर मंत्री रजनीश गुप्ता ने किया।