नगर के रेलवे स्टेशन के सामने बारिश के दौरान भींगते हुए अपने गंतव्य को जाते बाइक सवार। संवाद
- फोटो : BALLIA
बलिया। कई दिनों से उमस भरी गर्मी झेल रहे लोगों को बुधवार को हुई झमाझम बारिश ने कुछ राहत तो दी, लेकिन लोगों को इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ी। शहर भर की सड़कों पर पानी भर गया। सड़कों पर निकले लोग पूरे दिन इस समस्या से जूझते रहे। बारिश के कारण सड़कों पर पानी भरने से जहां आम जनजीवन परेशान रहा तो वहीं दूसरी ओर नगर में प्रवाहित होने वाले नाले पानी से लबालब हो गए। इससे नालों का गंदा पानी सड़कों पर पसर गया। इस कारण लोगों को आवागमन में भारी दुश्वारियां का सामना करना पड़ा।
बारिश के कारण नगर के विभिन्न मार्ग जलमग्न हो गए। इतना ही नहीं टैगोर नगर, जापलिनगंज, काजीपुरा समेत आधा दर्जन मोहल्लों में बारिश का पानी लोगों के घरों में जा घुसा। इसके अलावा एनएच-31 पर माल गोदाम से सतीश चंद्र कॉलेज चौराहा, एलआईसी रोड से नया चौक, काजीपुरा होते हुए कलेक्ट्रेट जाने वाली सड़क, मिड्ढी से एनसीसी तिराहा जाने वाली सड़कें बारिश के पानी से लबालब रही। इसके अलावा बारिश के कारण शहर के काजीपुरा, जापलिनगंज, मिश्र नेवरी, भृगु आश्रम, राजेंद्र नगर, बेदुआं, लोहा पट्टी, गुजरी बाजार, श्रीरामबिहार कालोनी, आनंद नगर, जिला अस्पताल परिसर, जिला महिला अस्पताल परिसर, कलेक्ट्रेट परिसर और जापलिनगंज पुलिस चौकी में भी बारिश का पानी भर गया, जिससे आमजन समेत अधिकारियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि जलभराव की खबर मिलते ही नगर पालिका प्रशासन हरकत में आ गया और अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा के निर्देश पर नगर पालिका के सफाई कर्मचारी बरसाती पानी की निकासी के काम में जुट गए। सफाई कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद देर शाम तक शहर के विभिन्न इलाकों से बरसात का पानी बाहर निकाला। जबकि अभी कई मोहल्लों में बारिश का पानी भरा हुआ है, जिससे लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।