मुरलीछपरा विकास खंड के श्रीपतिपुर-रामपुर सड़क पर बना गड्ढा तथा उसमें डाली गई पेड़ की डालिया। जाग
जयप्रकाश नगर। विकासखंड मुरली छपरा में रामपुर से श्रीपतिपुर तक वर्ष 2023 में एफडीआर (फुल डेप्थ रिक्लेमेशन) विधि से करीब पांच किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 3.85 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया था।
निर्माण के तीन वर्ष पूरे होने से पहले ही सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने लगी है। कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं और गिट्टियां उखड़ रही हैं। वहीं सड़क की पटरियों का निर्माण भी अब तक पूरा नहीं हो सका है। न्यू पीएचसी कर्ण छपरा के पास करीब चार माह पहले बने बड़े गड्ढे की शिकायत के बावजूद विभाग ने मरम्मत नहीं कराई। मजबूर होकर राहगीरों ने मिट्टी डालकर गड्ढा भरा। सोमवार को इसी स्थान से कुछ दूरी पर फिर बड़ा गड्ढा बन गया।
सड़क से क्षेत्र के करीब आठ दर्जन गांवों के हजारों लोगों के साथ बिहार के लोगों का भी आवागमन होता है। ग्रामीणों ने सड़क की गुणवत्ता की जांच कराकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई और क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत की मांग की है। एक्सईएन रत्नेश गोंड ने बताया कि गड्ढों की मरम्मत के लिए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया जाएगा और सड़क की पटरियां भी दुरुस्त कराई जाएंगी।