बांसडीह। फत्ते सागर पोखरा से पर्वतपुर जयनगर तक लगभग चार किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना पर 8.24 करोड़ की लागत आ रही है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाकर रविवार को काम रुकवा दिया।
भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्राम प्रधान ध्रुव तिवारी ने ग्रामीणों के साथ खुद सड़क की सतह खोदकर दिखाते हुए कहा कि ये कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ध्रुव तिवारी बताया कि सिर्फ ऊपर से रोड़ी गिराकर कार्य किया जा रहा है। जब तक गुणवत्तापूर्ण सड़क नहीं बनेगा विरोध जारी रहेगा। ग्रामीण लाल बाबू तिवारी और सुरेन्द्र प्रसाद ने कहा कि सड़क घटिया निर्माण के कारण कुछ महीनों में टूट जाएगी। मानक के अनुसार काम नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे। भाजपा नेता ध्रुप तिवारी ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता और जिलाधिकारी बलिया को पत्रक देकर शिकायत दर्ज कराई है। चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़क निर्माण मानक के अनुरूप नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ आमरण अनशन पर बैठेंगे। उधर, कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अभिजीत तिवारी सत्यम ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार की पोल भाजपा के ही कार्यकर्ता खोल रहे हैं। सड़क निर्माण मानक के अनुरूप नहीं होता है तो कांग्रेसी आंदोलन करेंगे। उपजिलाधिकारी बांसडीह अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि अभी शिकायत नहीं आई है। कोई भी कार्य मानक के अनुरूप ही करना है।