मुरलीछपरा विकास खंड के लक्ष्मणछपरा गांव से मठ धज्जु गिरि जाने वाले मार्ग पर लगा जलकुंभी।संवाद
जयप्रकाश नगर। सड़क के गड्ढों में भरा पानी और उसमें उगी जलकुंभी बदहाल व्यवस्था की तस्वीर बयां कर रही है। बैरिया तहसील के लछुमन छपरा-शोभा छपरा मार्ग से छपरा होते हुए मठ धज्जू गिरि गांव के समीप तक जाने वाली सड़क की हालत बेहद खराब है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में पानी भरने और जलकुंभी उगने से राहगीरों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा तक नहीं लग पाता। ग्रामीणों का कहना है कि करीब दस वर्षों से सड़क बदहाल है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार भी कर चुके हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, उन्होंने जिलाधिकारी से लेकर चुनाव आयोग तक अपनी समस्या पहुंचाई थी। उस समय सड़क निर्माण का आश्वासन मिला, लेकिन स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के समय विकास के दावे किए जाते हैं, लेकिन उनकी समस्या वर्षों बाद भी जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीण विनोद राम ने बताया कि सड़क की बदहाली के साथ अधूरे नाले ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। गांव में पक्के नाले का निर्माण शुरू कराया गया था, लेकिन ठेकेदार काम अधूरा छोड़कर चला गया। सड़क से करीब दो फीट ऊंचा नाला बना दिए जाने से आवागमन में और दिक्कत हो रही है। रितेश कुमार भारती ने बताया कि सड़क के गड्ढों और ऊंचे नाले के कारण स्कूली बच्चों के गिरकर चोटिल होने का खतरा बना रहता है। मांग करने वालों में जितेंद्र कुमार, रामनरेश राम, दया देवी, सविता देवी और विशेष कुमार समेत अन्य ग्रामीण शामिल हैं।
सड़क की मरम्मत वित्तीय वर्ष 2022-23 में कराई गई थी। सड़क का निरीक्षण कराने और आगे निर्माण की कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, नाले का निर्माण दूसरे विभाग के कार्यक्षेत्र में बताया। ऐसे में ग्रामीणों को अब सड़क की बदहाली दूर होने और अधूरे नाले का निर्माण पूरा होने का इंतजार है।-देवेंद्र यादव, अवर अभियंता, पीडब्ल्यूडी