पासिंग आउट परेड में मां, नानी और छोटी बहन के साथ हेमंतपुर गांव निवासी ऋषभ कुमार सिंह। परिजन
बैरिया। क्षेत्र के हेमंतपुर गांव निवासी ऋषभ कुमार सिंह ने भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है। हैदराबाद स्थित वायु सेना अकादमी में पासिंग आउट परेड के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अमरप्रीत सिंह एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने उन्हें बैज पहनाकर सम्मानित किया। हेमंतपुर गांव निवासी राजेश कुमार सिंह के पुत्र ऋषभ सिंह की प्रारंभिक शिक्षा से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई दिल्ली पब्लिक स्कूल, लखनऊ से हुई है। उनके पिता राजेश कुमार सिंह मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं, जबकि माता मनीषा सिंह गृहिणी हैं। शुक्रवार को आयोजित पासिंग आउट परेड में ऋषभ की माता मनीषा सिंह, नानी गायत्री सिंह और छोटी बहन माही सिंह उपस्थित रहीं। अपने पुत्र को भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में शामिल होते देख परिवार के सदस्य भावुक और गौरवान्वित नजर आए।
ऋषभ सिंह ने बताया कि उनके नाना प्रभुनाथ सिंह, जो बैरिया डेरा के निवासी हैं, भारतीय सेना में कैप्टन के पद पर कार्यरत रहे थे। उन्हीं से प्रेरणा लेकर उन्होंने सेना में जाने का संकल्प लिया था। संवाद