बलिया। विकासशील इंसान पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आरक्षण सहित विभाग मांगों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को सौंपा। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कंपनी बाग में बैठक की। बैठक को संबोधित करते हुए हरेराम साहनी ने कहा 1994-95 के शासनादेश बहाल कर बालू, मौरंग खनन, मतस्य पालन पट्टा, निषाद/ मछुआरा समाज की जातियों व उनकी मत्स्य जीवी सहकारी समितियों को देने का शासनादेश जारी किया जाए। केंद्र द्वारा मछुआ आवास योजना के तहत हर जिले में एक-एक हजार मछुआ आवास बनाकर आवास विहीन मछुआरों को आवंटित किया जाए। मत्स्य विभाग में निषाद/ मछुआ समुदाय के लोगों को शैक्षिक शिथिलता देते हुए पूर्व की भांति 50 प्रतिशत आरक्षित किया जाए। मतस्य विभाग के मछुआ पद के साथ-साथ सिंचाई विभाग व लोक निर्माण विभाग में बेलदार, कहार, मल्लाह के पद पर निषाद, मल्लाह, केवट, बिंद, बेलदार, धीवर, मांझी जाति को शत-प्रतिशत प्राथमिकता दी जाए। इस मौके पर गुलाबचंद्र निषाद, रामविलास निषाद, सियाराम,रविशंकर चौधरी, अखिलेश साहनी,गौतम बिंद, दुर्गा साहनी, स्वामी नाथ साहनी आदि मौजूद रहे।