फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक माह से बचाव कार्य बंद, फ्लड फाइटिंग की तैयारी में जुटा विभाग

विज्ञापन
विज्ञापन
रामगढ़। दुबे छपरा, नौरंगा, सोनार टोला में चल रहा कटानरोधी कार्य एक माह से बंद है। पता चला है कि बाढ़ विभाग फ्लड फाइटिंग के जरिये बाढ़ से बचाव की तैयारी में जुटा हुआ है। लगभग एक माह से गंगा नदी के लगभग सभी डेंजर प्वाइंट पर बचाव कार्य बंद पड़ा है। इस बीच जिले के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला, क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र सिंह, सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त व जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही ने नदी का रुख भी नजदीक से देखा।
विज्ञापन

बाढ़ विभाग ने गंगा नदी की बाढ़ व कटान से एनएच 31 व प्रभावित गांवों की सुरक्षा के लिए अलग-अलग परियोजना बनाई गई। इसमें दुबे छपरा में 8.26 करोड़, नौरंगा में 9.93 करोड़ का तो वहीं सोनार टोला रामगढ़ में 3.70 करोड़, गंगापुर डगरा के समीप 4.62 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट बनाकर शासन को भेजा गया। शासन ने सभी परियोजनाओं को हरी झंडी भी दे दी और कार्य समाप्त करने की समय सीमा तय की गई। परियोजनाओं का काम भी शुरू हुआ लेकिन शुरुआती दौर में ही विभागीय लापरवाही सामने आने लगी। इसी बीच गंगा नदी में बढ़ाव शुरू होने के कारण बचाव कार्य बंद हो गया। जो अभी भी बंद ही है सूत्रों की मानें तो बाढ़ विभाग के अफसर फ्लड फाइटिंग के जरिए काम कराने की योजना बना रहे हैं क्योंकि फ्लड फाइटिंग का काम उस वक्त होता है जब लहरों की गति बेकाबू हो जाती है।
नौरंगा में रविवार को पहुंचे क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र सिंह व बाढ़ विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि तत्काल गंगा नदी के कटान को रोकने का उपाय किया जाएगा। विधायक के जाने के 24 घंटे बाद भी नौरंगा में कटान को रोकने का कोई प्रयास बाढ़ विभाग की ओर से नहीं किया गया। नौरंगा निवासी धनंजय ठाकुर, चिंटू ठाकुर, संजय कुमार, उधारी ठाकुर ने कहा कि इस उपेक्षा का जवाब वे आगामी चुनाव में देंगे। उधर, सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने सरयू नदी की लहरों में इब्राहिमाबाद नौबरार में बहे टी स्पर के मामले की जांच की मांग उठाई है। बावजूद इसके विभागीय अधिकारी अब तक बाढ़ व कटान को लेकर गंभीर नहीं दिख रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें