आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर की गड्ढायुक्त बदहाल सड़कों के साथ ही बलिया-बांसडीह मार्ग को ठीक कराने के लिए कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी को मांगपत्र सौंपा गया। जिसमें उल्लेख किया गया है कि सड़कों को अगर ठीक कराना संभव न हो तो उसे मछली पालन के लिए लीज पर आवंटित कर दिया जाए।
पत्र में जिला मुख्यालय पर कुंवर सिंह चौराहा से एनसीसी चौराहा, एनसीसी चौराहा से मिड्ढी, मिड्ढी से काजीपुरा और काजीपुरा से टीडी कालेज चौराहा की जर्जर सड़कों को ठीक कराने की मांग की गई। उल्लेख किया है कि जर्जर सड़कों के चलते स्कूली छात्रों व स्कूल के वाहन दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं।
जिला संयोजक अमरेंद्र सिंह ने कहा कि सभी मार्गों पर इतने अधिक गड्ढे है कि उन्हें गिनाना भी मुश्किल है। अगर सरकार के मंत्री अपनी साइकल यात्रा से उपलब्धियां गिना रहे हैं तो इन गड्ढों को भी ठीक कराएं। अगर इन गड्ढे युक्त सड़कों को ठीक नहीं किया गया तो जिला प्रशासन मछली पालन के लिए युवाओं को लीज पर दे दे।