बांसडीह। बांसडीह नगर पंचायत ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण पर सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत ने 50 से अधिक दुकानदारों और पटरी व्यवसायियों को नोटिस जारी किया है। इन नोटिसों में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि तीन दिनों के भीतर सड़क पर से अतिक्रमण हटा लिया जाए, अन्यथा एंटी-भूमाफिया एक्ट के प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, यदि नगर पंचायत द्वारा अतिक्रमण हटाया जाता है तो इसका पूरा व्यय संबंधित अतिक्रमणकारी से ही वसूला जाएगा। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी बांसडीह संदीप कुमार सिंह ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की रूपरेखा बनाई जा रही है। जल्द ही इस संबंध में प्रशासनिक स्तर से कार्रवाई करते हुए नगर पंचायत को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।