बलिया। विद्युत बकायेदारों से वसूली को लेकर विभाग ने कवायद तेज कर दी है। जिले के 40 फीडरों को अधिकतम लाइन लॉस के रूप में चिह्नित किया गया है। इसमें 10 फीडर विद्युत वितरण खंड द्वितीय के हैं। इन फीडरों से सम्बंधित बकायेदारों से वसूली के लिए जेई को नोडल अधिकारी बनाया गया है। विभाग की नजर खासकर एक लाख रुपये से अधिक के बकायेदारों से वसूली पर है। जुलाई माह में एक लाख से अधिक के विद्युत बकायेदारों से संपर्क कर बकाया जमा करने को कहा गया था। लेकिन एक माह तक चले अभियान में अधिकांश बकायेदारों ने अपना पूरा बकाया जमा नहीं किया। अब विभागीय अधिकारी इन बकायेदारों से वसूली की तैयारी में है। ऐसे में एक लाख से अधिक के बकायेदारों के कनेक्शन काटने की तैयारी है। विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता चंद्रेश उपाध्याय ने बताया कि एक लाख से अधिक के विद्युत बकायेदारों से वसूली की जाएगी। जिले में कुल 40 फीडर लाइन लॉस के लिए चिह्नित हैं, इसमें खंड के 10 फीडर हैं। इनसे जुड़े बकायेदारों से वसूली को लेकर संबंधित अवर अभियंताओं को जिम्मेदारी दी गई है।