पंदह। विकासखंड पंदह की ग्राम पंचायत पकड़ी से जुड़ी अनियमितताओं के मामले में जिला समाज कल्याण अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को पत्र भेज कर संबंधित अभिलेख सोमवार तक उपलब्ध कराने को कहा है। 19 सितंबर को जारी पत्र में साफ कहा गया है कि जांच के लिए मांगे गए 25 बिंदुओं में से अब तक केवल छह बिंदुओं के अभिलेख ही दिए गए हैं, जबकि 19 बिंदुओं का विवरण अब भी अधूरा है। उन्होंने तीन दिन के भीतर शेष अभिलेख उपलब्ध कराने की अपेक्षा की है ताकि अनियमितताओं की जांच आख्या जिलाधिकारी को भेजी जा सके।
इससे पहले 15 सितंबर को भी समाज कल्याण अधिकारी ने पत्र जारी कर अभिलेख उपलब्ध कराने को कहा था, लेकिन गंभीरता नहीं दिखाई गई। शिकायतकर्ता रत्नेश कुमार सिंह और अमित कुमार सिंह का आरोप है कि ग्राम पंचायत में कराए गए 37 निर्माण कार्यों में काफी गड़बड़ी की गई है। जांच से संबंधित वाद इलाहाबाद उच्च न्यायालय में भी विचाराधीन है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा तक समस्त अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए तो इसे विभागीय लापरवाही माना जाएगा और संबंधित के खिलाफ उच्च अधिकारी को लिखा जाएगा।