चिलकहर। रसड़ा तहसील क्षेत्र के पखनपुरा गांव स्थित सरकारी राशन की दुकान की शिकायत कार्ड धारकों ने मुख्यमंत्री सहित उच्च अधिकारियों को पत्र भेज कर की है। कोटेदार की मनमानी के साक्ष्य के तौर पर वीडियो व फोटो भी भेजा है। साथ ही कोटेदार पर यूनिट से कम राशन देने का आरोप लगाया है। इसके बाद हरकत में आए विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए प्रथम दृष्टया कोटे की दुकान को निलंबित करते हुए दुकान को कुकुरहा गांव की कोटे की दुकान से संबद्ध कर दिया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि जब तक दुकान बर्खास्त नहीं होती तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा। शिकायत करने वाले कार्ड धारकों में शैलेश कुमार, पन्ना देवी, फुलमतिया, अनीता, रामवती देवी सहित आदि शामिल हैं। पूर्ति निरीक्षक मनोज पांडेय ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत का संज्ञान लेते हुए कोटे की दुकान को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही शिकायतों की जांच की जा रही है। संवाद