बलिया माडल रेलवे स्टेशन का कायाकल्प होने लगा है। जहां विद्युतीकरण का कार्य तेजी से हो रहा है। वहीं आगामी 23 दिसंबर को जिलेे के माडल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को कई सौगातें मिलने जा रही है। इस मौके पर लोकसभा सांसद एवं राज्यसभा सांसद की मौजूदगी में कई परियोजनाओं का लोकार्पण, शुभारंभ, उदघाटन एवं शिलान्यास किया जाएगा।
रेलवे स्टेशन के विकास की मांग जिलावासी लंबे समय से कर रहे थे। इस दिशा में कई बार सांसद भरत सिंह ने रेलमंत्री से व्यक्तिगत तौर पर मिलकर बलिया के माडल रेलवे स्टेशन के विकास की मांग की थी। उसके बाद से कई बार रेलवे के आला अधिकारियों की टीम ने स्टेशन के विकास के लिए सर्वे किया। इस पर कई कार्य कराए भी गए। विभागीय अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद माडल रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में विभिन्न विकास कार्य के साथ पैदल उपरिगामी पुल के निर्माण कार्य का शुभारंभ 23 को होगा।
प्लेटफार्म नंबर एक का विस्तारीकरण का शुभारंभ लोकसभा सांसद भरत सिंह एवं राज्यसभा सांसद नीरज शेखर उद्घाटन करेंगे । वहीं माडल स्टेशन पर भृगु वाटिका, वाटर वेंडिंग मशीन, आरक्षित लाउंज, वाई-फाई सेवा व सुरेमनपुर स्टेशन के यात्री प्रतिक्षालय का लोकार्पण भी उसी दिन किया जाएगा। वहीं वाशिंग पिट के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया जाएगा।
इस मौके पर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक सहित कई अफसर मौजूद रहेंगे।