बैरिया। सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार की सुबह यात्री सुविधाओं की मांग को लेकर क्षेत्र के दैनिक यात्रियों ने प्रदर्शन कर मंडल रेल प्रबंधक के नाम संबोधित ज्ञापन स्टेशन मास्टर एलपी वर्मा को सौंपा। स्टेशन मास्टर ने ज्ञापन को संस्तुति के साथ मंडल रेल प्रबंधक के यहां भेजवाने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन में कोरोना काल में बंद की गई अप छपरा-मऊ व डाउन मऊ छपरा डेमू पैसेंजर ट्रेन को चलाने की मांग तथा छपरा-औड़िहार अप व औड़िहार-छपरा डाउन डेमो पैसेंजर ट्रेन का आवागमन छपरा-वाराणसी सिटी करने की मांग की है। इसके अलावा, सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के लिए सार्वजनिक शौचालय बनवाने, दैनिक सफाई तथा जगह-जगह कूड़ा पात्र लगवाने एवं यात्रियों की सुरक्षा के लिए आरपीएफ चौकी स्थापित करने की मांग की है। दैनिक यात्रियों का कहना था कि सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली कई ट्रेनों के आवागमन का फेरा कम कर दिया गया है। इसके चलते मऊ तथा वाराणसी की ओर जाने वाले लोकल स्टेशनों के यात्रियों को आवागमन में बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और अतिरिक्त खर्च भी करना पड़ रहा है।
जो पैसेंजर ट्रेन औड़िहार से आती है और छपरा से औड़िहार जाती है, उसे बढ़ाकर छपरा से वाराणसी सिटी कर दिया जाए। सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर सुबह और शाम के समय में अधिक ट्रेनें हैं। यहां औसतन 1200 जनरल टिकट और 400 रिजर्वेशन टिकट दैनिक बिकते हैं। ऐसे में सुबह और शाम के समय काफी संख्या में यात्री जुट जाते हैं। यहां शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं है। जो है वहां साफ-सफाई नहीं होती, गंदगी रहती है। ज्ञापन देने वालों में धीरज तिवारी, पवन यादव, अनिल पासवान, बब्बन यादव, सूरज, पंकज आदि मौजूद रहे।