बैरिया। बिहार के सारण जनपद अंतर्गत उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे मांझी थाना के मुबारकपुर गांव में पिछले सप्ताह हुई हत्याकांड में कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बिहार पुलिस की एसटीएफ की टीम ने रविवार की रात बकुलहा, सुरेमनपुर के कई गांव में ताबड़तोड़ छापेमारी की है। बावजूद इसके कोई आरोपी एसटीएफ के हाथ नहीं लग पाया है। बिहार पुलिस की छापेमारी के संबंध में उत्तर प्रदेश पुलिस ने अनभिज्ञता जताई है।
पिछले सप्ताह मुबारकपुर के मुखिया के पति विजय यादव समेत दर्जनों लोगों ने एक परिवार के तीन युवकों को बुरी तरह पिटाई की थी। एक की मौत मौके पर हो गई थी। दो को अस्पताल में पुलिस ने गंभीर अवस्था में भर्ती कराया था। इसके बाद, बिहार पुलिस ने उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक अधिकारियों से घटना के बाबत कानून व्यवस्था के मद्देनजर सहयोग का आग्रह किया था। इसी क्रम में बिहार के इस गांव में जातीय तनाव को देखते हुए बिहार सीमा पर चेक पोस्ट के साथ ही प्रदेश के कई इलाकों में भी ताबड़तोड़ छापा मारा जा रहा है।