बेल्थरारोड/बैरिया। बैल्थरारोड तहसील सभागार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर कुल 46 प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किए गए। इनमें किसी का भी निस्तारण नहीं किया गया। प्रार्थनापत्रों को संबंधित विभागों को निर्धारित समय अवधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संदर्भित कर दिया गया। राजस्व, विकास, नगर पंचायत, आपूर्ति और अन्य विभागों से संबंधित मामले शामिल हैं।
साधन सहकारी समिति इंदौली मलकौली के सचिव रामाश्रय यादव ने समिति के सीमांकन भूमि में अवैध रूप से अतिक्रमण कर जोतने-बोने की शिकायत की। नगर पंचायत वार्ड नंबर पांच निवासिनी मजरुन निशा ने नया राशन कार्ड बनाने की मांग की। तुर्तीपार प्रधान गीता देवी ने लोक निर्माण विभाग की भूमि की पैमाइश तथा अलग खाता बनाने की मांग की।
कुंडैल की रोशनआरा ने भूमिहीन होने के चलते पात्रता सूची में नाम अंकित होने के बावजूद आवास योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। सुम्हा के सूर्यभान ने ग्राम प्रधान पर अंडरग्राउंड नाली से पाइप निकलवा कर जल निकास बाधित करने का आरोप लगाया। अवराई कला के मुसाफिर यादव ने बिजली का प्रकाश नहीं मिलने के बावजूद विद्युत बिल भेजने की शिकायत की। सोनाडीह के सुनील मौर्य ने सार्वजनिक भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग की। हल्दीरामपुर के गिरीश सिंह ने सरकारी दस्तावेजों में कूट रचना कर दाखिल खारिज कराने का आरोप लगाया। एसडीएम दीपशिखा सिंह, तहसीलदार ओमप्रकाश पांडेय, नायब तहसीलदार दीपक सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैरिया में उप जिलाधिकारी बैरिया आत्रेय मिश्र के अध्यक्षता में 34 मामले प्रस्तुत किए गए। मौके पर पांच का निस्तारण हुआ। शेष मामलों को संबंधित विभागों में निस्तारण के लिए भेजा गया। भगवानपुर निवासी शिव पारस गोड़ ने अवैध कब्जे का मामला प्रस्तुत किया। करमानपुर निवासी आशा देवी पत्नी गुप्तेश्वर मल्लाह ने पात्र होते हुए भी प्रधानमंत्री आवास नहीं मिलने की शिकायत की।
रेवती निवासी संजय कुमार ने प्रतिवेदन देकर गुहार लगाई कि बार-बार जनसुनवाई में आवेदन पत्र देने के बावजूद भी उनके मामले का निस्तारण नहीं हो रहा है। भूमि विवाद का मामला है। जनसुनवाई में फर्जी रिपोर्ट लगाई जा रही है। पांडे के छपरा निवासी रामजी वर्मा ने रास्ते के विवाद को सुलझाने का आग्रह किया। चौबे के दलकी निवासी रमाशंकर चौबे ने मनबड़ो द्वारा फसल नष्ट करने की शिकायत की। बैरिया निवासी अखिलेश वर्मा ने सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण का मामला उठाया।
वहीं, पांडेपुर निवासी श्री राम वर्मा ने भी सार्वजनिक रास्ते को साफ करने की गुहार लगाई। दर्जन भर फरियादी ऐसे मिले जिन्होंने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद भी उनके मामले का निस्तारण नहीं हो रहा है। तहसीलदार सुदर्शन कुमार, नायब तहसीलदार अजय सिंह, क्षेत्राधिकारी उस्मान, एसएसओ धर्मवीर सिंह, चौकी इंचार्ज लालगंज परमानंद त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। भूमि विकास बैंक ने किसानों के लिए ऋण शिविर का भी आयोजन किया। इसमें पांच किसानों ने ऋण के लिए आवेदन किया।