नगर के रेलवे स्टेशन परिसर में ट्रेन आने के बाद उतरने और चढ़ने के लिए उमड़ी यात्रियों की भीड़।सं
- फोटो : विकास भवन के पास लगा बीओबी का एटीएम।
बलिया। दीपावली, छठ पर्व पर महानगरों में रहने वाले लोगों के लिए रेलवे ने 11 से ज्यादा पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। यात्रियों की सुविधा के लिए संचालित स्पेशल ट्रेनें दो से नौ घंटे विलंब से चल रही हैं। स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी से समय से गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
पूजा स्पेशल ट्रेनों का किराया भी अधिक है। यात्रा पूरी करने में भी ये ट्रेनें सामान्य की अपेक्षा दोगुना समय ले रही हैं। ट्रेनों के विलंब होने से इसमें सवार यात्री परेशान हो जा रहे हैं। कई तो बीच में उतरने को मजबूर हो जा रहे हैं। शुक्रवार को 04651 जयनगर- अमृतसर अपने निर्धारित समय 12.25 बजे की जगह रात 9.35 बजे नौ घंटे विलंब से पहुंची। 07651 जलना- छपरा स्पेशल पूजा स्पेशल सुबह 3.40 बजे की जगह 9 घंटा लेट दोपहर 12.31 बजे पहुंची। 04090 आनंद बिहार- पटना स्पेशल ट्रेन छह घंटे लेट से पहंुची। 04़137 ग्वालियर बरौनी सुपरफास्ट 12.05 बजे की जगह 1.40 घंटा लेट से 2.18 बजे पहुंची।
जलना-छपरा पूजा स्पेशल से पहुंचे सुखपुरा निवासी संतोष वर्मा ने बताया की दूसरी ट्रेनों में सीट न मिलने के कारण पूजा स्पेशल में टिकट आरक्षित कराया। जबलपुर में ट्रेन निर्धारित समय से चार घंटे लेट पहुंची। उम्मीद थी कि रास्ता में कवर कर लेगी लेकिन प्रयागराज में छह घंटे से अधिक लेट रही। आनंद विहार टर्मिनल से पहुंचे गायघाट निवासी कमलेश गुप्ता ने बताया की सभी ट्रेनों में 200 सौ से ऊपर वेटिंग थी। स्पेशल ट्रेन में कंफर्म टिकट मिला तो खुशी थी। छह घंटे बाद पहुंचा रही है। स्टेशन अधीक्षक सुनील सिंह ने कहा की त्योहार को लेकर ट्रेनों में भारी भीड़ चल रही है। स्पेशल ट्रेनों का संचालन व कई स्थानों पर निर्माण कार्य के कारण कुछ ट्रेनें विलंब से चल रही हैं। स्टेशन पर यात्री सुविधा का विशेष ध्यान है।
-
दिल्ली कानपुर व लखनऊ के लिए स्पेशल बसों का संचालन
दीपावली पर्व पर यात्रियों की सुविधा को लेकर रोडवेज दिल्ली, कानपुर व लखनऊ के लिए पूजा स्पेशल बसों का संचालन कर रहा है। एआरएम प्रेमचंद ने बताया कि त्योहार में भीड़ को देखते हुए यात्रियों को कोई परेशानी न हो इसके लिए विशेष ध्यान है। दिल्ली के लिए दो, कानपुर से चार व लखनऊ के लिए 10 बसों का संचालन किया जा रहा है। मांग पर बढ़ने पर बसों की संख्या में इजाफा किया जाएगा।