जनसेवा केंद्र संचालक से 17 मई 2022 को हुई लूट के मामले में एसओजी व नगरा पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को दो अभियुक्तों को उनके गांव मलप हरसेनपुर और एक अभियुक्त को पीएचसी नगरा के पास से गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
पकड़े गए अभियुक्तों के पास से लूट की बाइक, 24 हजार रुपये और हत्या में प्रयुक्त लाठी को पुलिस ने बरामद किया। पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना नाम व पता रवि कुमार पुत्र श्यामसुंदर राम निवासी मलप हरसेनपुर थाना नगरा, मन्टू कुमार पुत्र रामधनी राम निवासी (गजाधरपुर ) मलप हरसेनपुर थाना नगरा और टिंकू सिह उर्फ शैलेंद्र प्रताप सिंह पुत्र रमेश सिंह निवासी ग्राम अब्दुलपुर मदारी थाना भीमपुरा जिला बलिया बताया।
सत्येंद्र चौहान पुत्र महेश चौहान निवासी खपटही थाना नगरा की मलप चट्टी पर जनसेवा केंद्र है। प्रतिदिन की भांति जनसेवा केंद्र संचालक 17 मई 2022 की रात करीब 8.30 बजे केंद्र बंद करके बाइक से अपने घर खपटही जा रहा था। इसी बीच रास्ते में अज्ञात बदमाशों द्वारा जनसेवा केंद्र संचालक को मारपीट कर घायल कर दिया गया और उसकी बाइक, नगदी समेत अन्य कागजात लूट का फरार हो गए थे। वही घायल संचालक सत्येंद्र चौहान 36 का इलाज मऊ स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा था, जहां 20 मई 2022 को इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गयी। इस मामले में पुलिस ने मृतक संचालक के भांजा विशाल चौहान के तहरीर पर घटना के दिन लूट का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई थी। इस मामले के पर्दाफाश के लिए एसपी ने टीम गठित किया था। जिसमें टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए तीन लूटेरों को लूट के सामान तथा हत्या में प्रयुक्त लाठी को बरामद करने में सफलता हासिल की। इस बाबत एसपी ने बताया कि लूटकांड के तीन अभियुक्तों केे गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।