जिलाधिकारी को ज्ञापन देने के लिए जाती करम्मर गांव की स्वयं सहायता समूह की महिलाएं।
- फोटो : BALLIA
बलिया। विकास खंड बेरूआरबारी के करम्मर गांव की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने सेव माइक्रो फाइनेंस कम्पनी के एजेण्ट पर गलत तरीके से चक्रवृद्धि ब्याज वसूल करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को सम्बोधित ज्ञापन सौंप कार्रवाई की मांग की। महिलाओं ने बताया कि कम्पनी से ब्याज पर धन लिए थे। फर्म के एजेण्ट गाजीपुर निवासी विकास गिरि को पैसा जमा करते थे। मार्च महीने से पूरे देश में लॉकडाउन चल रहा है। समूह की महिलाओं का आरोप है कि 20 सितम्बर को शाम करीब 5 बजे विकास गिरि आए और चक्रवृद्धि ब्याज लेने की बात कहने लगे। जब इस ब्याज का कारण पूछा तो आग बबूला हो गए और गाली देने लगे। गांव के लोगों के बीचबचाव के बाद शांत हुए। महिलाओं ने इसकी जांच कराने के साथ एजेण्ट के विरूद्ध विधिक कार्रवाई की मांग की है।