जनसमस्याओं को लेकर तहसीलदार जितेंद्र सिंह से वार्ता करते छट्ठू राम।
- फोटो : BALLIA
बेल्थरारोड। विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री छट्ठू राम द्वारा बुधवार को तहसील मुख्यालय पर होने वाला अनशन प्रशासन द्वारा तीन दिनों के अंदर कार्रवाई किए जाने के आश्वासन पर स्थगित हो गया। पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री छट्ठू राम ने समर्थकों के साथ जुलूस निकाला। नारे लगाते तहसील मुख्यालय पर आमरण अनशन के लिए जाते समय जुलूस उभाव ग्राम के पास जब पहुंचा तो उभाव थानाध्यक्ष योगेंद्र बहादुर सिंह ने जुलूस को आगे जाने से रोक दिया तथा वापस जुलूस के साथ तहसील पहुंचे। तहसील पर एसडीएम की अनुपस्थिति में तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह ने छट्ठू राम से वार्ता की। बातचीत के बाद सहमति बनी तथा तहसीलदार द्वारा तीन दिनों के अंदर समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई किए जाने के आश्वासन के बाद अनशन स्थगित कर दिया गया। जन समस्याओं से संबंधित प्रमुख मांगों में कांशी राम आवास व आसरा आवास का आवंटन, विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने, चौकिया मोड़- मधुबन मार्ग व चौकिया- बेल्थरा बाजार मार्ग निर्माण, तुर्तीपार श्मशान घाट मार्ग निर्माण, गोंड समाज को अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र जारी करने, ताल से बर्बाद फसल का मुआवजा देने, कटान रोधी ठोकर निर्माण आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं। छट्ठू राम ने चेताया कि प्रशासन के वादे के मुताबिक तीन दिनों में जनसमस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया तो आमरण अनशन फिर से शुरू किया जाएगा। इस मौके पर गुलाबचंद गोंड़, कैप्टन गुलाब मौर्य, बुधम सिंह, दिलीप राव आजाद, कलेन्द्र प्रजापति, जयराम सिंह पटेल, श्रीकांत पटेल, प्रशांत कुमार आदि मौजूद रहे।