बलिया। बलिया रेलवे स्टेशन पर बीते 12 अक्तूबर को लगे 110 फीट ऊंचे तिरंगे के सम्मान में रेल विभाग की लापरवाही के विरोध में छात्रनेता व सामाजिक कार्यकर्ता रिपुन्जय रमण पाठक रानू के नेतृत्व में युवाओं ने स्टेशन के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में अतिक्रमण हटवाने की मांग की गई ताकि तिरंगा को धुएं से बचाया जा सके।
रानू ने कहा कि ध्वज कोड के तहत विशाल तिरंगे के आसपास अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। लेकिन यहां स्थिति ये है कि शाम होते ही स्टेशन पर लिट्टी चोखा के ठेले-खोमचे वाले इतना धूआं फैलाते हैं, जिससे ध्वज पिलर और उसका झंडा खराब हो सकता है। नगरवासी यहां ध्वज देखने आते हैं तो उन्हें अतिक्रमण और धुएं के कारण वह दिखाई नहीं देता है। रानू पाठक ने स्टेशन अधीक्षक, जीआरपी, आरपीएफ सभी को ज्ञापन देकर कहा कि यदि इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे युवाओं के साथ धरना देने को मजबूर हो जाएंगे। इस मौके पर नीतीश सिंह, अजय सिंह, पंकज पांडेय, लक्ष्मी पंडित, देवेश तिवारी, अनुभव मिश्र, संतोष वर्मा, टिंकू चौबे, मेराज आलम, मनोज कुमार, बबलू यादव, आकाश जायसवाल आदि मौजूद रहे।