बक्सर के उत्पाद अधीक्षक ने पकड़ी 1758 बोतल शराब
बलिया। तस्करी के कुख्यात नरही थाना क्षेत्र का अधिकांश इलाका बिहार के बक्सर जिले से सटा हुआ है। बक्सर के उत्पाद अधीक्षक ने बृहस्पतिवार को दो घाटों से कुल 1758 बोतल अंग्रेजी शराब पकड़ी और एक नाव भी सीज कर दी। दोनों घाट नरही थाना क्षेत्र के गांवों के सामने हैं। अमर उजाला ने 18 मार्च के अंक में खबर प्रकाशित की थी। बता दें चार साल पहले बिहार में शराब बंदी लागू की गई थी। जिसकी वजह से वहां शराब की तस्करी शुरू हो गई। जिले में एसपी डॉ. विपिन ताडा ने नकेल कसी तो तस्कर नदी के रास्ते शराब ले जाने लगे। बृहस्पतिवार को बक्सर के उत्पाद अधीक्षक देवेंद्र प्रसाद ने गोला घाट जो नरही थाना के उजियार घाट के सामने है। वहां छापा मारा और नाव से 1086 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त कर ली। इसी क्रम में रामरेखा घाट पर छापा मार कर यूपी से नाव से पहुंची 672 बोतल अंग्रेजी शराब पकड़ी।
खबरी अभियान चलाया, टीमें भी गठित कीं
बलिया। होली में शराब की खपत को लेकर बिहार से सटे सीमावर्ती इलाकों में तस्करी तेज हो गई है। पुलिस अधीक्षक ने सख्ती बना रखी है। इसके बाद भी तस्कर नदियों और रेल के रास्ते शराब लेकर बिहार जा रहे हैं। तस्करों को पकड़ने के लिए एसपी ने टीमें गठित की हैं। वहीं, खबरी अभियान भी शुरू किया है। एसपी ने थानाध्यक्षों को निर्देश भी दिए हैं। सूचना देकर 100 पेटी अवैध शराब पकड़वाने पर पुलिस की तरफ से एक हजार का इनाम भी दिया जाएगा। साथ ही सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, पता और मोबाइल नंबर गोपनीय रखा जाएगा।