बलिया। यास तूफान के प्रभाव से जिले में दो दिनों से हो रही लगातार बारिश से शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक कई जगह जलभराव होने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कई सड़कों पर भी जलभराव होने से आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं। जिले के 400 से अधिक गांवों में 24 घंटे से बिजली की आपूर्ति बाधित है। उधर, बैरिया थाने के दुर्जनपुर में एक कच्चा घर गिर गया, हालांकि कोई हादसा नहीं हुआ। लगातार बारिश से नगर की कई मार्गों पर जलभराव व कीचड़ होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा नगर के आर्यसमाज रोड, बनकटा, एलआईसी रोड, बड़ा गड़हा समेत कई मोहल्लों में पूरी रात बिजली गुल रही। इसके चलते लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
बैरिया। 72 घंटे से हो रही बारिश से पूरा जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शुक्रवार को लोग घरों में कैद हो गए। आलम यह रहा कि भारी बारिश के वजह से द्वाबा का प्रमुख बाजार रानीगंज बाजार व बैरिया के दुकानों का दरवाजा तक नहीं खुला। बहुत जरूरी काम से लोग घरों से निकले भी तो बारिश में भींगते हुए। गांवों के सड़कों पर जगह-जगह जलजमाव होने से बाढ़ जैसी दृश्य देखने को मिल रहा है। जलजमाव के वजह से आम लोगों के आवागमन में काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, क्षेत्र में बारिश से 72 घंटे से बिजली गुल हो गयी है। जिससे तहसील मुख्यालय सहित 75 ग्राम पंचायत अंधेरे में डूबा हुआ है। भारी बारिश के वजह से दुर्जनपुर निवासी विजय तिवारी का कच्चा घर भर भराकर गिर गया। संयोग रहा कि कुछ देर पहले ही घर के सदस्य पड़ोसी के घर गए थे, जिससे जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
दयाछपरा। यॉस तूफान के कारण हो रही बारिश के कारण आमजन का जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। गनीमत यही है कि बारिश के साथ हवा का दबाव कम है। किसानों का कहना है कि अगर ऐसे ही दो दिन और बारिश होती रही तो खेत में ही प्याज सड़ जाएगा।
रेवती। बरसात रिमझिम लेकिन रातभर पुरवा हवाओं के झोंकों के साथ नगर तथा क्षेत्र में हुई है। हरी सब्जियों के ऊपर प्रतिकूल असर पड़ने के आसार किसान जता रहे हैं।
बेल्थरारोड। पिछले तीन दिनों से हो रही वर्षा के दौरान बृहस्पतिवार की रात से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई, जो शुक्रवार की शाम तक जारी रहा। आपूर्ति ठप हो जाने से लोगों को घोर परेशानी का सामना करना पड़ा। बृहस्पतिवार की रात से शुक्रवार की शाम तक बिजली का कोई आता-पता नहीं। बिजली के अभाव में लोगों को काफी परेशानी हुई। उधर, वर्षा से नगर क्षेत्र के कई स्थानों पर भारी जलजमाव हो गया है। मालगोदाम रोड स्थित विद्यालय के सामने जलजमाव से आवागमन दूभर हो गया।
नरहीं। चक्रवाती तूफान यास ने इलाके में कोई बड़ी तबाही तो नहीं मचाया केवल बारिश से ही बिजली आपूर्ति 24 घंटे से ठप हो गई है। दर्जनों गांवों की पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गई है। विद्युत उपकेंद्र चितबड़ागांव व विद्युत उपकेंद्र बसंतपुर से जुड़े करीब 80 गांवों में पूरी रात बिजली नहीं रही।
बारिश के कारण बिजली की आपूर्ति बाधित हुई है। शहर के अधिकांश इलाकों में आपूर्ति बहाल हो गई है लेकिन ग्रामीण इलाकों में बारिश के कारण दिक्कतें आ रही हैं। जल्द ही इन्हें भी दुरुस्त कर लिया जाएगा।
- चंद्रेश उपाध्याय, एक्सईएन, विद्युत वितरण खंड द्वितीय, बलिया