बैरिया। विश्वविद्यालय की ओर से वर्ष 2018 में परीक्षा कराने के एवज में पारिश्रमिक नहीं मिलने से नाराज शिक्षकों ने प्राचार्य व पूर्व प्राचार्य को कमरे में बंद कर बंधक बना लिया। सूचना पर करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंची बैरिया पुलिस ने कमरा खुलवाकर दोनों प्रार्चायों को बाहर निकाला और दोनों पक्षों को थाने बुला कर एसडीएम व सीओ की मौजूदगी में कुलपति को पत्र लिखकर पारिश्रमिक की मांग कर मामले का समाधान कराया।
सुदिष्ट बाबा स्नाकोत्तर महाविद्यालय रानीगंज के शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने बुधवार को अपने ही महाविद्यालय के प्राचार्य डा. अब्दुल वहीद व पूर्व प्राचार्य सुधाकर तिवारी को कमरे में बन्द कर दिया। आरोप है कि वर्ष 2018 में विश्वविद्यालय द्वारा होने वाली परीक्षा को कराने के लिए आए धन का गोलमाल कर दिया गया है। शिक्षकों का आरोप है कि परीक्षा के दौरान व्यय किये गए धन का बिल बाऊचर जमा नहीं किया गया है, वही शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को पारिश्रमिक नहीं दिया गया है। इसके लिए शिक्षकों ने डीएम व एसडीएम को शिकायती पत्र देने के अलावा महाविद्यालय के प्राचार्य से कारवाई करने की मांग कर रहे थे। लेकिन प्राचार्य की ओर से भी कोई कार्रवाई नहीं किया गया है। इससे नाराज शिक्षकों ने दोनों को कमरे में बन्द कर दिया। इस बाबत प्राचार्य डा. अब्दुल वहीद ने कहा कि हमे अपमानित करने की नियत से कमरे में बन्द किया गया है। इस मौके पर महाविद्यालय के प्रवक्ता प्रकाशचंद त्रिपाठी, बाबू स्वतन्त्र सिंह, प्रभाकर सिंह आदि रहे।