नगरा और भीमपुरा थाना क्षेत्र के नगपलिया और पतोई ईंट-भट्ठा सहित अन्य स्थानों पर चोरी और लूटपाट में शामिल बदमाशों को डकैती की योजना बनाते समय भीमपुरा पुलिस ने सोमवार की भोर शंकरपुर मझौंवा के एक बगीचे से पकड़ लिया। मौके से कुल सात बदमाशों को पुलिस ने धर दबोचा।
एसपी कार्यालय पर सोमवार को पुलिस अधीक्षक अनीस अहमद अंसारी ने सोमवार को पत्रकारवार्ता में बताया कि रविवार की रात प्रभारी निरीक्षक नगरा और थानाध्यक्ष भीमपुरा अपने हमराहियों के साथ भीमपुरा के शंकरपुर मझौंवा स्थित एक बाग की घेराबंदी की।
वहां सात संदिग्ध लोग बैठे होने की सूचना मिली थी। उन्होंने बगीचे में छापेमारी की और वहां से संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में भीमपुरा थाना क्षेत्र के महदेवा कुटीर निवासी पांच हजार का इनामिया बदमाश लाल बहादुर राम, मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के बस्ती कमलानगर निवासी रमेश कुमार राम, हलधरपुर थाना क्षेत्र के छिछोर ग्राम निवासी अशोक कुमार चौहान, नईबस्ती दुबारी निवासी रामप्यारे चौहान, रामसरीखा चौहान, बैरकाटा देवारा निवासी चंद्रभान चौहान, खैरा देवारा निवासी दिनेश कुमार राम शमिल है।
एसपी ने बताया कि आरोपियों ने पिछले माह भीमपुरा थाना क्षेत्र के नगपलिया चट्टी, पतोई स्थित ईंट-भट्ठा, नगरा थाना क्षेत्र के तियरा हरपुर, सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के खटंगाखटंगी, किशोरगंज चट्टी में चोरी और लूटपाट की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
साथ ही आरोपियों के पास से दो तमंचा, 10 जिंदा कारतूस, लैपटाप, फोटो कैमरा, सोने का मंगलसूत्र, चांदी का पायल, अंगुठी, बिछिया और 3130 की नकदी व अन्य सामान बरामद हुए हैं। सभी आरोपियों को संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया।