बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेला एवं बलिया महोत्सव की तैयारियों को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। मेले की रूपरेखा, कार्यक्रमों की योजना और व्यवस्थाओं की तैयारियों पर चर्चा की गई। ददरी मेला पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित की गई।
परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्तिक पूर्णिमा से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने कहा कि ददरी मेला बलिया की सांस्कृतिक पहचान है। इसकी भव्यता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए कि ददरी मेले को सकुशल संपन्न कराए जाने के लिए अपने-अपने कार्य दायित्व का निर्वहन करें।
भूमि अधिग्रहण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तिथियों का निर्धारण, स्पेशल दुकानों की नीलामी, चार मुख्य चौराहों, भारतेंदु मंच को मीना बाजार की ओर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया, मुख्य द्वारों पर विज्ञापन के लिए नीलामी, लॉन्चिंग स्पेस का चिह्नित, नीलामी प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए बिड अपलोड की कार्ययोजना की पहले से तैयारियां कर ली जाए।
परिवहन मंत्री ने कहा कि ददरी मेला के नाम से चर्चित यह आयोजन बलिया की सांस्कृतिक धरोहर है और इसे नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास होना चाहिए। बैठक में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, नगर पालिका चेयरमैन संत कुमार गुप्ता, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, एडीएम अनिल कुमार उपस्थित रहे।
5 लाभार्थियों को चेक वितरित : बलिया। स्वदेशी मेले के सातवें दिन बृहस्पतिवार को प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने मेले का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी मेला स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का एक मंच बन चुका है।