फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ballia News: प्रतापगढ़ में एमबीबीएस छात्र की मौत से मझौंवा गांव में मातम

विज्ञापन
गड़वार थाना क्षेत्र के मझौंवा गांव निवासी मृतक मिथिलेश कुमार। फाइल फोटो, परिजन
विज्ञापन
चिलकहर (बलिया)। गड़वार थाना क्षेत्र के मझौंवा गांव निवासी एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र मिथिलेश कुमार की प्रतापगढ़ स्थित सोनेलाल मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह उसका शव केशव राय हॉस्टल के पार्क में मिला। घटना की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। बेटे की मौत से अनजान मां धनवाती देवी उससे बात करने की जिद पर अड़ी रही। परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात करीब आठ बजे उनकी मिथिलेश से फोन पर बातचीत हुई थी, वह ठीक था। परिजन रात में ही प्रतापगढ़ के लिए रवाना हो गए।
विज्ञापन


मिथिलेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता कविलाश राम पश्चिम बंगाल के कोलफील्ड में काम करते हैं। बड़ा भाई मुकेश प्रयागराज में रहकर सिविल सर्विस की तैयारी कर रहा है, जबकि छोटा भाई उमेश मथुरा में एलटी का कोर्स कर रहा है। बहन रानी चिलकहर ब्लॉक के डुमरी में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर तैनात हैं। मां गांव में गृहिणी हैं।
परिजनों के अनुसार, मिथिलेश करीब 15 दिन पहले घर आया था। शनिवार रात मां से बातचीत के दौरान सब कुछ सामान्य था। रविवार सुबह मौत की सूचना मिलने पर छोटा भाई उमेश कुछ लोगों के साथ प्रतापगढ़ रवाना हुआ। पिता भी पश्चिम बंगाल से निकल पड़े।
विज्ञापन


-
हॉस्टल की छत पर मिले मोबाइल


परिजनों ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल की पहली मंजिल पर कमरा नंबर 211 में मिथिलेश दो अन्य छात्रों के साथ रहता था। पुलिस के मुताबिक, उसके दो मोबाइल फोन और चश्मा कॉलेज की सातवीं मंजिल की छत पर मिले हैं। कमरे से मोबाइल और लैपटॉप भी कब्जे में लेकर जांच की गई। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ उसके साथ रहने वाले छात्रों से पूछताछ कर रही है। दोस्तों के मुताबिक, मिथिलेश शनिवार शाम चाय पीने बाहर गया था। लौटकर उसने मेस में खाना खाया और कमरे में दोस्तों से बातचीत की। इसके बाद सभी सो गए। बताया गया कि वह पढ़ाई को लेकर तनाव में था, लेकिन पुलिस ने मौत की वजह को लेकर अभी कोई निष्कर्ष नहीं निकाला है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें