त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर बीएलओ कितने गंभीर हैं, इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक गांव के वार्ड नंबर नौ से मात्र एक ही मतदाता बनाया है। जबकि वार्ड की आबादी ढाई सौ है। इस वार्ड के कई युवा मतदाताओं के साथ ही पहले से वोटर रहे लोगों के नाम हटा दिए गए हैं। इससे लोगों में गहरी नाराजगी है।
गड़वार ब्लाक में ग्राम पंचायत चक चमैनिया नवसृजित है। ग्राम पंचायत धनवती धुरा के एक पुरवा कुकुर भुक्का तथा रतसर कला के दो राजस्व ग्राम शंकरपुर और टारवां को मिलाकर ग्राम पंचायत चक चमैनिया बनाया गया है। इसमें मतदाताओं की कुल संख्या 1228 है। इसमें 11 वार्ड बनाए गए हैं।
इसमें वार्ड संख्या नौ में लगभग 250 की आबादी है लेकिन मतदाता सूची में केवल एक ही मतदाता का नाम अंकित किया गया है। लोग इसके लिए बीएलओ को जिम्मेदार बता रहे हैं। लोगों ने जांचकर कार्रवाई के साथ ही संशोधन की मांग की है।