बलिया। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती में आरक्षी नागरिक और समकक्ष पदों पर आगामी 8 जून से होने वाली तीन दिवसीय लिखित परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन अलर्ट है।
इस बार परीक्षा केंद्रों में प्रवेश के नियमों को बेहद कड़ा कर दिया गया है। परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने वाले प्रत्येक अभ्यर्थी, कक्ष निरीक्षक और कर्मचारियों के लिए डिजिटल पहचान सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है। इस महत्वपूर्ण जांच प्रक्रिया के कारण अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से ठीक दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है।
भर्ती बोर्ड की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों का डिजिटल पहचान सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए केंद्रों पर बायोमेट्रिक अथवा ओटीपी आधारित सत्यापन की विशेष व्यवस्था की जा रही है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा के समय अपना पहचान पत्र और उससे लिंक मोबाइल नंबर सक्रिय रखें। फर्जी तैनाती या ड्यूटी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षकों और अन्य कर्मचारियों का भी ई-केवाईसी सत्यापन कराया जाएगा। इसके बिना किसी को भी एंट्री नहीं मिलेगी। आरक्षी नागरिक पुलिस पदों के लिए यह लिखित परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली प्रात: 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर बाद तीन बजे से शाम पांच बजे तक।
बिना अनुमति स्टेशन छोड़ने वाले शिक्षक व कर्मचारियों पर गिरेगी गाज
बीएड प्रवेश और पुलिस भर्ती जैसी बड़ी परीक्षाओं के सफल संचालन को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार गुप्ता ने सभी माध्यमिक शिक्षकों और कर्मचारियों को बिना अनुमति स्टेशन (मुख्यालय) न छोड़ने का कड़ा निर्देश दिया था। इसके बावजूद करीब 50 प्रतिशत शिक्षक व कर्मचारी बिना अनुमति के बाहर चले गए हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार परीक्षा ड्यूटी से गायब रहने वाले और बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने वाले इन कर्मचारियों की सूची तैयार की जा रही है, जिन पर जिलाधिकारी की ओर से सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई होनी तय मानी जा रही है। वहीं, कुछ शिक्षक डीआईओएस कार्यालय के चक्कर काटकर अपनी ड्यूटी कटवाने के प्रयास में जुटे हैं, जिससे परीक्षा में कक्ष निरीक्षकों की कमी की आशंका भी बढ़ गई है।