बेल्थरारोड। साइबर ठगी के शिकार उभांव थाना क्षेत्र के बस स्टेशन गली निवासी संजय गुप्ता को पुलिस की तत्परता से राहत मिली है। साइबर जालसाजों द्वारा उनके बैंक खाते से निकाली गई एक लाख रुपये की पूरी रकम पुलिस ने वापस करा दी।
संजय गुप्ता के बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से सात अक्टूबर 2025 को अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी तरीके से एक लाख रुपये स्थानांतरित कर लिए थे। खाते से रकम निकलने की जानकारी होने के बाद उन्होंने तत्काल उभांव थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी।
साइबर प्रभारी सूर्यप्रकाश दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की। शिकायत को नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज कराया गया और ठगी की धनराशि को समय रहते होल्ड करा दिया गया। न्यायालयीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस की कार्रवाई के माध्यम से होल्ड की गई एक लाख रुपये की पूरी धनराशि संजय के बैंक खाते में वापस करा दी गई।