बैरिया। थाना क्षेत्र के मुरली छपरा गांव में जेठ के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद सोमवार की देर रात पीड़िता व आरोपी पक्ष के लोग भिड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस की मोबाइल टीम पर ही आरोपी पक्ष ने हमला कर दिया। इसमें उप निरीक्षक पन्ना लाल घायल हो गए। किसी तरह हमराहियों ने उपनिरीक्षक पन्नालाल को बचाया और सीएचसी सोनबरसा ले गए। पुलिस ने घायल एसआई की तहरीर पर चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
अपनी तहरीर में घायल एसआई ने उल्लेख किया है कि सोमवार की देर रात मुरली छपरा गांव से एक पीड़िता ने घर पर झगड़ा होने की सूचना दी। सूचना पर उपनिरीक्षक पन्ना लाल, उप निरीक्षक राजधर यादव, कास्टेबल नीरज कुमार राजभर वाहन से घटना स्थल पहुंचे। आरोप है कि घटना स्थल पर लड़ाई-झगड़ा होते देख उप निरीक्षक पन्ना लाल ने आरोपी विजय शंकर चौधरी को थाने चलने के लिए कहा। इससे नाराज विजय चौधरी और उनके पुत्र प्रीतम चौधरी ने उप निरीक्षक पन्ना लाल के सिर पर लोहे की राॅड से वार कर दिया। इससे उपनिरीक्षक पन्ना लाल लहूलुहान होकर गिर गए। इस बाबत एसएचओ बैरिया राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में उप निरीक्षक पन्नालाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस ने आरोपी विजय शंकर चौधरी व प्रीतम चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।