बलिया। गोपाल आईटीआई के तत्वावधान में स्टेट कबड्डी चैंपियनशिप का आयोजन देवकली ग्रामसभा स्थित ब्रह्मस्थान पर किया गया। प्रथम चरण में अलग-अलग चार जनपदों की टीमों ने प्रतिभाग किया। शुभारंभ सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त तथा गड़वार ब्लॉक प्रमुख अतुल प्रताप सिंह ने किया। इस दौरान सबसे पहले गोरखपुर और गोंडा के बीच कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज हुआ। इसमें गोरखपुर 55 अंक पाकर विजयी हुआ। दूसरा मैच आजमगढ़ और देवरिया टीमों के बीच हुआ। इसमें आजमगढ़ ने देवरिया को 54 अंक पाकर पराजित कर अपना स्थान बना लिया। तीसरा मैच लखनऊ और महाराजगंज के बीच हुआ, जिसमें लखनऊ ने 36 अंक पाकर महाराजगंज को पराजित कर दिया। चौथा मैच अयोध्या और कुशीनगर के बीच हुआ, जिसमें अयोध्या 46 अंक पाकर विजयी रहा। दर्शकों से खचाखच भरा ग्राउंड खिलाडि़यों के खेल उत्साह बढ़ाने के लिए तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। इस मौके पर पूर्व प्रमुख उमाशंकर पाठक, मेजर दिनेश सिंह, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र विक्रम सिंह, राजा बाबू राय, भारती सिंह, डॉक्टर विश्वरंजन सिंह, अरविंद पांडेय, अजीत सिंह, विनोद यादव, राजू राय आदि रहे। संवाद