सिकंदरपुर क्षेत्र के खरीद-दरौली स्थित जर्जर पीपा पुल एवं सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर एसडीएम अभ
- फोटो : BALLIA
सिकंदरपुर। पूर्व मंत्री जियाउद्दीन रिजवी के नेतृत्व में सोमवार को बिहार के साथ प्रदेश को जोड़ने वाले खरीद दरौली घाट पर पीपा पुल को जैसे-तैसे जर्जर हालत में चालू किए जाने से आक्रोशित सपा कार्यकर्ताओं ने खरीद कांटा के समीप धरना दिया। इसके बाद उप जिलाधिकारी सिकंदरपुर अभय कुमार सिंह को ज्ञापन सौंप पीपा पुल व पीपा पुल को जोड़ने वाली जर्जर सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की।
धरना सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री मो. रिजवी ने कहा कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि के उदासीन रवैया के कारण पीपा पुल समय से चालू नहीं हुआ। पीपे के पुल को अक्तूबर में बनकर तैयार हो जाना चाहिए, लेकिन जनवरी में जैसे-तैसे पीपे को जोड़कर उस पर चादर बिछाकर छोड़ दिया गया है। नीचे दूर-दूर बल्लियां लगाई गई हैं और रेलिंग नहीं बनाया गया है। इससे लोगों को आने जाने में बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आमजन जान जोखिम में डालकर पीपे के पुल पर आवागमन कर रहे हैं, जिससे कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती है। मुख्य सड़क से पीपा पुल तक जाने वाली सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और इससे आए दिन दुर्घटना हो रही है। खरीद गांव में बने गन्ना क्रय केंद्र पर ढुलाई की समुचित व्यवस्था नहीं है। इससे किसानों का गन्ना ट्रालियों पर ही सूख रहा है। इस मौके पर डॉ. मदन राय, रामजी यादव, विवेक सिंह, भीष्म यादव, मुन्नन सिंह, अनंत मिश्र, रामबचन यादव, फुन्नू राय, शिवजी यादव, कमलेश यादव, चंद्रमा यादव, त्रिलोकी यादव, सरतेज यादव, खुर्शीद नेता, दिग्विजय सिंह, हैप्पी राय, अतुलेश यादव, दुबरी चौधरी, बृजेश यादव आदि रहे। अध्यक्षता हीरालाल बंधु तथा संचालन मुनिलाल यादव ने किया।