सिकंदरपुर। खरीद-दरौली घाट पर स्थित पीपा पुल का दक्षिणी नाका मंगलवार की रात ध्वस्त होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने एक-दूसरे पर ठीकरा फोड़ना शुरू कर दिया है। पीडब्ल्यूडी विभाग के एई क्षितिज जायसवाल ने कहा कि खरीद दरौली घाट पर पक्का पुल बनाया जा रहा है जिसके लिए सेतु निगम ने नदी के पानी का रुख एक तरफ कर दिया गया है। इसकी वजह से खरीद घाट के तरफ कटान होने से बार-बार नाका ध्वस्त हो जा रहा है।
कहा कि दक्षिणी नाका के लिए चार पीपे मौके पर मंगा लिए गए हैं। शुक्रवार की सुबह तक आवागमन शुरू करा दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ने वाले खरीद-दरौली पीपा पुल शुरू से ही चर्चा में रहा है। कभी पीपा पुल का टूट जाना तो कभी नाके का ध्वस्त होना । इसको लेकर विभागीय कर्मचारियों पर हमेशा ही उंगली उठती रही है। मंगलवार की सुबह चार चक्का वाहनों का प्रवेश वर्जित का बोर्ड लगा दिया गया। जबकि दो दिन पहले ही विभागीय अधिकारियों को लोगों द्वारा सूचित कर दिया गया था कि लकड़ी का बोटा व प्लेट के अभाव के कारण पीपा पुल पर आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। बावजूद इसके विभागीय अधिकारियों द्वारा उक्त सूचना के बाद भी इस पर ध्यान नहीं दिया गया देर रात खरीद के तरफ लगा दक्षिणी नाका ध्वस्त हो गया। अब पीडब्ल्यूडी सारा ठीकरा सेतु निगम पर फोड़ रहा है।