फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ballia News: पीपा पुल के प्लेट में फंस कर नदी में पलटी पिकअप, युवक डूबा

विज्ञापन
विज्ञापन
सिकंदरपुर। क्षेत्र के खरीद दरौली के बीच सरयू नदी पर पीपा पुल के निर्माण में विभागीय लापरवाही से एक युवक डूब गया। जर्जर प्लाटून पुल से मंगलवार की सुबह सब्जी पहुंचाकर लौट रही पिकअप अनियंत्रित होकर गहरे पानी में चली गई। इसमें एक युवक डूब गया। दूसरा किसी तरह जान बचाने में सफल रहा। खोजबीन के बाद भी युवक का पता नहीं चल पाया।
विज्ञापन

सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के हरनाटार गांव निवासी अंकित वर्मा (18) ड्राइवर संदीप राजभर (25) निवासी तिलौली के साथ पिकअप से सब्जी लेकर दरौली जा रहा था। दोनों पाट का पीपा पुल तैयार न होने की वजह से नदी का दूसरा हिस्सा स्टीमर के सहारे तय करना पड़ रहा है। पिकअप चालक पहले पाट को पार करने के बाद सब्जी उतार कर लौट रहा था। इसी दौरान पीपा पुल पर बेतरतीब ढंग से रखी गई लोहे की प्लेट में पिकअप फंस कर अनियंत्रित हो गई और पतली रस्सी की रेलिंग को तोड़ते हुए गहरे पानी में चली गई। चालक संदीप पीपे की रस्सियों के सहारे निकल गया, लेकिन अंकित डूब गया। सूचना पर पुलिस व परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन शुरू की लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। पिकअप को बाहर निकाल लिया गया।

-

विभाग को जिम्मेदार मान रहे ग्रामीण

घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है। लोगबाग घटना के लिए विभाग को जिम्मेदार मान रहे हैं। लोगों ने बताया कि नदी के दो पाट में बंटने के कारण दो पुल बनाया जाता है। इस बार लापरवाही बरती गई है। जैसे तैसे विभाग ने एक पाट पर पुल बना दिया, लेकिन सुरक्षा इंतजाम किए बगैर ही आवागमन शुरू करा दिया। कई दिनों से इसकी शिकायत विभागीय लोगों से की जा रही थी लेकिन किसी ने संज्ञान नहीं लिया।
विज्ञापन



घटना के बाद जागा विभाग

मंगलवार को पुल से पिकअप पानी में गिरने के बाद 12 से अधिक कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। बेतरतीब रखी लोहे की चादरों को ठीक करने के साथ ही रेलिंग में मोटी रस्सियां बांधने में जुट गए।


1.96 करोड़ से बदला जाना था वुड स्लीपर

खरीद-दरौली पीपा पुल के निर्माण में प्रयोग होने वाले साल वुड स्लीपर और एजिंग के लिए शासन ने 3 अगस्त को एक करोड़ 96 लाख 93 हजार की स्वीकृति दे दी थी। इसमें से एक करोड़ 38 लाख 70 हजार रुपए साल वुड स्लीपर और 28.19 लाख साल वुड एजिंग पर खर्च किए जाने थे। लगभग छह माह पूर्व वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद भी विभाग अभी टेंडर प्रक्रिया पूरा नहीं कर पाया है। इसके चलते समय से पीपा पुल का निर्माण संभव नहीं हो पाया।


दो खंडों में होता है पीपा पुल का निर्माण

सरयू नदी पर पीपा पुल का निर्माण दो खंडों में कराया जाता है। पहले खंड के निर्माण में 22 से 25 पीपे लगते हैं। दूसरे खंड में 70 से 75 पीपों की जरूरत होती है। इसके लिए एक हजार से अधिक लकड़ी के स्लीपर और एजिंग और स्लीपर पर बिछाने के लिए लोहे की प्लेट्स और अन्य सामान की जरूरत होती है। जिस पर हर वर्ष 30 से 35 लाख रुपये खर्च होते हैं।



पुल अभी अर्धनिर्मित है। लोहे की प्लेट रेत के कारण खिसक जाती है। पिकअप की रफ्तार तेज होने के कारण नियंत्रित नहीं की जा सकी। इसकी वजह से हादसा हुआ है। कर्मचारियों को प्लेट्स ठीक करने का निर्देश दिया गया है। - कमलाकांत, अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, बलिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें