जिले में 25 , 30 अक्तूबर और 1 नवंबर को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) होगी। परीक्षा को पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने जिले भर में 14 केंद्र बनाए हैं।
मुहम्मदाबाद गोहना तहसील चार, घोसी में दो और सदर तहसील में 8 केंद्र बनाए गए हैं। तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में कुल 6 पालियों में 37 हजार 440 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
प्रतिदिन हर पाली में 6,240 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इस परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी पड़ोसी जनपदों आजमगढ़, बलिया, गोरखपुर, वाराणसी और गाजीपुर के निवासी हैं।
अभ्यर्थियों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने 25 स्पेशल बसें चलाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा उन्हें किसी भी केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो इसके लिए जिले के अंदर भी बसें चलाने की तैयारी है।
परीक्षा केंद्रों की जानकारी के लिए मऊ डिपो बस स्टेशन पर हेल्पडेस्क स्थापित किए जाने का शासन से निर्देश मिला है।
सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के लिए अलग से टीम तैनात रहेगी। मऊ डिपो के एआरएम गौतम कुमार गुप्ता ने बताया कि पीईटी को लेकर तैयारी कर ली गई है। अकेले आजमगढ़ जिले से 13 हजार अभ्यर्थी जिले में परीक्षा देने आएंगे। इसी तरह बलिया, गोरखपुर और गाजीपुर से भी अभ्यर्थी आएंगे।
लंबे रूटों पर चलने वाली बसों को लोकल रूट पर चलाया जाएगा।