दया छपरा। बैरिया थाना क्षेत्र के दलपतिपुर गांव में मंगलवार की रात पंचायत करने आए लोगों ने पंचायत के बाद लाठी डंडे से पीट कर दलपतिपुर निवासी सत्यप्रकाश तिवारी व चंद्र प्रकाश तिवारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है। बुधवार को देर शाम सत्यप्रकाश तिवारी ने पांच लोगों के खिलाफ बैरिया थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
दलपतिपुर निवासी सत्यप्रकाश तिवारी ने तहरीर में बताया है कि दो साल पहले मेरे भाई राम प्रकाश तिवारी की शादी बैरिया थाना क्षेत्र के भिखाछपरा चौबे टोला निवासी मनजी चौबे की पुत्री अमृता से हुई थी। छह माह पहले अमृता के मां की तबियत खराब होने पर वह दिल्ली से सीधे मायके चौबे टोला चली गई। कई बार हम लोग अमृता को घर लाने का प्रयास किए पर अमृता के पिता टालते गए। बताया कि मंगलवार की रात अमृता के पिता आए और एक सप्ताह बाद अमृता को घर लाने की तिथि तय हो गई। जब अमृता के पिता जाने लगे तो हम दोनों भाई उनके साथ सड़क पर खड़ी गाड़ी के पास आए तो गाड़ी में बैठे तीन लोगों ने लाठी व हॉकी से हम दोनों भाई को मारने लगे। जब तक गांव के लोग जुटते सभी भाग निकले। इस संबंध में कोतवाल बैरिया संजय त्रिपाठी ने बताया कि सत्यप्रकाश तिवारी के द्वारा पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। इस मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।