शराब की दूकान के खिलाफ डीएम को ज्ञापन सौंपने जाते राजपूत नेउरी मोहल्ले के लोग।
सुप्रीम कोर्ट के फरमान के बाद एनएच तथा एचएस से हट रही दूकानें अब गली-मुहल्ले में खुलने लगी हैं। जिसके क्रम में एक दूकान राजपूत नेउरी में खुली, इसके विरोध में मंगलवार को मुहल्ले के सैकड़ों महिला-पुरूषों ने समाजसेवी पंकज राय के नेतृत्व में डीएम कार्यालय पहुंच विरोध-प्रदर्शन किया। चेताया कि यदि 24 घंटे के अंदर दूकान नहीं हटी तो मुहल्ले के लोग कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठने के लिए बाध्य होंगे।
डीएम को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि कोर्ट के आदेश पर एनएच तथा एचएस से दूकानें हटा कर आबादी वाले इलाके में शिफ्ट की जा रही है। कुछ ऐसा ही राजपूत नेउरी में हुआ, जहां शराब की दूकान खोल दी गई है। जबकि राजपूत नेउरी संभ्रांत लोगों का मुहल्ला होने के साथ-साथ यहां बच्चों का विद्यालय भी संचालित है। ऐसे में शराब की दूकान अविलंब यहां से हटना चाहिए, अन्यथा की स्थिति में हम मुहल्ले के लोग कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर राहुल राय, बब्लू राय, मिंटू खान, मायकल सिंह, नौशाद खान, धनंजय राय, दुर्गेश राय आदि रहे।
मनियर। मनियर थाना क्षेत्र के ठेके की देशी शराब की दूकान स्थानांतरित होकर नवका बाबा ब्रह्म स्थान के मुख्य दरवाजे पर हो गया है। जिसको लेकर कस्बावासियों में जबर्दस्त नाराजगी है। इसको लेकर ग्रामीणों ने बुधवार को जिला आबकारी अधिकारी को पत्रक देकर ब्रह्म बाबा के पास से शराब ठेके की दूकान हटाने की मांग की है। आरोप है कि ब्रह्म बाबा स्थान के समीप दूकान होने से श्रद्धालुओं में नाराजगी है। वहीं आबादी के बीचोबीच शराब की दूकान खुलने पर आए दिन बवाल होने की संभावना बनी रहेगी। उपरोक्त प्रकरण को जांच कर तत्काल शराब की दूकान बनाने की बिक्री करने से रोकने के लिए सक्षम अधिकारी को निर्देशित करने की मांग की गई है। डीएम ने थाना प्रभारी मनियर को निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
सुखपुरा। एनएच व एसएच से शराब की दूकान हटाने के फरमान के बाद दुकानदारों द्वारा आबादी वाले इलाके मेंदूकान को शिफ्ट करने का स्थानीय लोगों द्वारा काफी विरोध हो रहा है। सुखपुरा की अग्रेंजी शराब की दुकान बैसहा रोड पर चली गई। देशी व बीयर की दुकान विसेन डेरा मे खुली। वहां महिलाओं ने जब विरोध किया तो भलुही मोड़ पर चली गई। भलुही के लोगों ने वहां भी आपत्ति दर्ज कराई। लोगों के विरोध के बाद वहां भी दुकान बंद करना पड़ा। अब यह सब दुकान बैसहा रोड पर ही खोली जा रही है। वहां के लोगों ने भी एतराज दर्ज कराया है। सुप्रीम कोर्ट सड़क से 220 दूरी मानक रखा है तो सरकार चाहती है कि आबादी ,स्कूल व मंदिर से यह दुकान पांच सौ मीटर दूर रहे। अब सुखपुरा की शराब की दुकान की नई जगह की बात करें तो वह कस्बा में स्थित है। वहां से मंदिर व स्कूल भी काफी नजदीक है। मंगलवार को लोगों ने शराब दुकानदारों से मिल कर आपत्ति दर्ज करा दिया है।