नागरिकता संशोधन बिल के खिलाफ सपा के बैनर तले जुलूस निकालते अल्पसंख्यक समुदाय के लोग।
- फोटो : BALLIA
बलिया। नागरिकता संशोधन बिल पारित किए जाने के विरोध में सपा नेता व सभासद शकील अहमद के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में सपा नेताओं ने शुक्रवार को मुस्लिम समाज के लोगों के साथ विरोध मार्च निकाला। पीएम तथा गृहमंत्री के खिलाफ नारे भी लगाए। इस दौरान नगर के आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स बुलाई गई थी। पुलिस के सख्त पहरे के बीच प्रदर्शन करते हुए मुस्लिम समाज के लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम के प्रतिनिधि को सौंपा।
कलेक्ट्रेट में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री नारद राय ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार अपने हिसाब से संविधान बनाकर देश चलाना चाहती है, जबकि हिंदू और मुस्लिम की एकजुटता संविधान में भी निहित है। उन्होंने कहा कि संविधान के विपरीत कार्य करने वाली सरकार को हम किसी भी हालत में चलने नहीं देंगे। जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह यादव ने कहा कि जब-जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार देश में बनी है, एक धर्मविशेष के विरोध में मनमाने तरीके से कार्य किया गया है, जो किसी भी हालत में बर्दाश्त करने लायक नहीं है। नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मण गुप्त ने कहा कि देश में समानता समता का अधिकार सभी देशवासियों को मिला हुआ है, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार ने संविधान की धारा 14 का उल्लंघन कर इस तरह का प्रस्ताव दोनों सदनों में पारित करा दिया है। इसका विरोध भारत के हर राज्य, हर वर्ग व संप्रदाय के लोगों में हो रहा है, इस मौके पर जलालुद्दीन जेडी, सरफराज खां मिंटू, अजीत यादव, रीतेश मिश्र पहाड़ी, जलालुद्दीन, राजमंगल यादव आदि मौजूद रहे।