मझौंवा क्षेत्र के हुकुमछपरा गंगा घाट पर चल रहे लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के दौरान गंगा आरती करते वि
मझौवां। हुकुम छपरा गंगा के पावन तट पर महर्षि भृगु वैदिक गुरुकुलम की ओर से चल रहे नौ दिवसीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के आठवें दिन भक्ति और आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। गंगा महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पूरा घाट खचाखच भर गया। स्थिति यह रही कि गंगा तट पर एक तिल रखने तक की जगह नहीं बची। संध्या होते ही सैकड़ों दीपों की रोशनी और वेद मंत्रों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। काशी विश्वनाथ की नगरी से आए पांच अर्चकों ने आरती की। श्रद्धालुओं के भारी दबाव के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर लगभग दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। हर-हर गंगे, हर-हर महादेव व जय श्री राम के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।